
शारजाह, 19 मई (वार्ता) बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने अपनी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करते हुये कहा कि वह सोमवार को यूएई के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मैच में सीरीज पर कब्जा करना चाहते हैं।
शनिवार को सीरीज के पहले मैच में यूएई पर 27 रन से जीत दर्ज करने वाली बांग्लादेश को मैच के अंत में कुछ चिंताजनक पलों का सामना करना पड़ा था। युवा सलामी बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन के शानदार शतक और उनके गेंदबाजों के परिपक्व प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने सीरीज के पहले मैच में जीत दर्ज की, लेकिन दास चाहते हैं कि उनकी कप्तानी में उनकी टीम और भी आक्रामक हो और वे सोमवार को और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं,
दास ने कहा, “ विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा था और इमोन ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह शानदार थी लेकिन हमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। हम आखिरी तीन ओवरों में ज्यादा रन नहीं बना सके। मैं हमेशा जानता हूं कि मेरे गेंदबाज किसी भी समय वापसी कर सकते हैं, क्योंकि मुझे अपनी गेंदबाजी इकाई पर भरोसा है। इसके साथ ही, यूएई के बल्लेबाजों को भी श्रेय दिया जाना चाहिए। उन्होंने बीच के ओवरों में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और हमें इससे सीखने की जरूरत है।”
उन्होने कहा “ यह समझने के लिए कि इस पिच पर किस तरह की गेंदबाजी कारगर साबित होगी। जिस तरह से सभी गेंदबाजों ने गेंदबाजी की और संयम दिखाया, वह प्रभावशाली था। बीच के ओवरों में स्कोर 50-50 लग रहा था, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की।” श्रृंखला के पहले मैच में इमोन की पारी ने उस नई आक्रामकता को दर्शाया, जिसे दास चाहते हैं कि बांग्लादेश अगले साल होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से पहले खेले। 22 वर्षीय इमोन टी20 प्रतियोगिता में शतक बनाने वाले देश के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इमोन ने यूएई के असहाय आक्रमण के खिलाफ पांच चौके और रिकॉर्ड तोड़ नौ छक्के लगाए।
मैच के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश के बल्लेबाजों के लिए एक विशेष क्लब में इकबाल के साथ शामिल होने के लिए रोमांचित हैं। इमोन ने 54 गेंदों की पारी के बाद कहा, “ “मैं तमीम भाई के (रिकॉर्ड) से अच्छी तरह वाकिफ था, क्योंकि उन्होंने ओमान के खिलाफ (2016 टी20 विश्व कप में) शतक बनाया था और मैं उनके सभी मैच देखने की कोशिश करता हूं। घर लौटने के बाद, मुझे याद आया कि तमीम भाई ने पहला शतक बनाया था। मैं खुश हूं क्योंकि बचपन में मैं तमीम के खेल देखता था और अब मेरा नाम उनके नाम के ठीक बगल में है।”
