हैदराबाद | मलयालम सिनेमा की प्रतिष्ठित ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की तीसरी कड़ी, ‘दृश्यम 3’, आज दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। जीतू जोसेफ द्वारा निर्देशित और मोहनलाल अभिनीत यह क्राइम थ्रिलर फिल्म जॉर्जकुट्टी के परिवार की कहानी को आगे बढ़ाती है। दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है, जिसे देखते हुए इसे मलयालम सिनेमा की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग के रूप में देखा जा रहा है।
फिल्म ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दुनिया भर में ‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग 26.50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। केवल भारत में प्री-सेल्स के जरिए फिल्म ने 10.50 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। ट्रेड एनालिस्ट्स का अनुमान है कि वीकेंड तक यह कुल बुकिंग 45-50 करोड़ रुपये के स्तर को छू सकती है।
हमेशा की तरह इस फिल्म के लिए भी केरल सबसे बड़ा बाजार साबित हो रहा है, जहां से एडवांस बुकिंग में भारी योगदान मिला है। फिल्म मलयालम के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज की गई है, जिससे इसकी पहुंच और अधिक बढ़ गई है। जानकारों का मानना है कि सिनेमाघरों में आज से शुरू हो रहे शो और स्पॉट बुकिंग के बाद पहले दिन का कलेक्शन और भी ऊंचाई पर पहुंचेगा।

