भोपाल। आरपीएफ के एक जवान की सतर्कता से भोपाल रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टल गया. 17 मई को रात्रि के 19:05 बजे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 01 पर चंडीगढ़–यशवंतपुर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का आगमन हो रहा था, उसी दौरान ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ के एक कर्मी, सुगंधी लाल (आयु 35 वर्ष), ट्रेन की सफाई के लिए चलती हुई ट्रेन के एसी कोच में चढ़ने का प्रयास करने लगे. दुर्भाग्यवश, असंतुलन के कारण सुगंधी लाल का पाँव फिसल गया और वे कोच और प्लेटफॉर्म के बीच गिर पड़े. जिससे उनके सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं और वे अचेत हो गए.
घटना को तत्काल ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक राघवदास ने देखा और तुरंत ही उप स्टेशन प्रबंधक(वाणिज्य) आनंद कृष्ण मिश्रा को सूचित किया. मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत प्लेटफॉर्म पर स्थित आपातकालीन चिकित्सा कक्ष से डॉ. नूर हसन को बुलाया और रेलवे अस्पताल को एम्बुलेंस भेजने के निर्देश दिए. मिश्रा स्वयं घटनास्थल पर तुरंत पहुंचे और सफाई कर्मियों की सहायता से घायल कर्मचारी को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने का समन्वय किया. इस बीच उप स्टेशन प्रबंधक(परिचालन) और नियंत्रण कक्ष को सूचित किया गया, जिससे ट्रेन को रोके रखा गया. डॉ. नूर हसन द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया और दस मिनट के भीतर पहुंची एम्बुलेंस में घायल को स्ट्रेचर द्वारा रेलवे अस्पताल भिजवाया गया.
