
सीहोर। समीपस्थ इछावर तहसील के ग्राम रामदासी में बीती देर रात जमीन के विवाद में धारदार हथियारों से एक व्यक्ति की नृशंस हत्या कर दी गई. हमले में मृतक का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता- पुत्र व एक अन्य फरार हो गए. अगले दिन मृतक का पीएम होने के बाद शव लेकर गांव पहुंचे परिजनों ने पहले आरोपियों के घर को गिराने की बात को लेकर हंगामा कर दिया. मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब कहीं उनका रोष शांत हुआ और वह अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने को राजी हुए.
जानकारी के अनुसार इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम रामदासी निवासी 45 वर्षीय महेश मालवीय आ. रामचरण मालवीय ने गांव में ही एक जमीन खरीदी थी. उस जमीन पर गांव का ही पर्वत मोंगिया अपना हक जताता था. बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुके हैं. बीती रात लगभग 12 बजे पर्वत मोगिया अपने पुत्र रामनिवास और साले के साथ महेश मालवीय के घर के सामने पहुंचा और जमीनी विवाद को लेकर गाली- गलौच करने लगा. उनके हाथों में धारदार बल्लम और फर्शे थे. महेश मालवीय ने उन्हें गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उन पर हथियारों से हमला कर दिया. उन्होंने महेश पर हथियारों से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस हादसे में महेश मालवीय का भाई 33 वर्षीय राकेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
रविवार की सुबह मृतक महेश के शव का पीएम कराने के बाद जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो उन्होंने हत्या को अंजाम देने वाले आरोपियों के घर गिराने और उन्हें गिरफ्तार करने के बाद ही मृतक का अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़ गए. इधर,पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी है. एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. वरिष्ठ अधिकारी भी निगाह रखे हुए हैं.
आरोपियों की तलाश जारी है
मृतक और आरोपियों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है. इसी बात को लेकर आरोपी पिता- पुत्र और उनके एक अन्य रिश्तेदार ने महेश मालवीय पर हमला करते हुए उसकी हत्या कर दी. आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश करने टीम रवाना की गई है. शीघ्र ही आरोपी गिरफ्त में होंगे.
बृजेश कुमार,
थाना प्रभारी, इछावर
