गोवंश का अवैध परिवहन रोकने गए गौ रक्षक हुए घायल

खरगोन, 16 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के गोगावा थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना दिए बगैर गोवंश के अवैध परिवहन को रोकने गए कुछ गौरक्षक वाहन रोकने के दौरान घायल हो गए। इस मामले में दो प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने आज पत्रकारों को बताया कि गोवंश के अवैध परिवहन और गौरक्षकों के घायल होने के मामले में पुलिस ने दो प्रकरण दर्ज किए हैं। उन्होंने बताया कि बीती देर रात सूचना मिली कि खरगोन से 15 किलोमीटर दूर दसनावल और बिलाली के बीच गौ रक्षक समिति ने एक वाहन रोका है। इसी दौरान अन्य वाहन रोकने की कोशिश में टक्कर लगने से दो गौ रक्षक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद खरगोन के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया गौरक्षकों ने खरगोन से निकलने के दौरान अवैध परिवहन की पुलिस को सूचना नहीं दी थी । घटना के बाद गौरक्षकों की सूचना मिलने पर गोगावा थाने की टीम वहां पहुंची।
पुलिस ने वहां रोके गये एक पिकअप वाहन से सात गोवंश जब्त करने की कार्रवाई की और गौरक्षको को टक्कर मारने वाले वाहनों की सरगर्मी से तलाश आरंभ कर दी है।
गौरतलब है कुछ दिन पहले चैनपुर थाना क्षेत्र में गौवंश के अवैध परिवहन को रोकने गए पुलिस कर्मियों के वाहन को इसी तरह वहां से टक्कर मार दी गई थी। इस घटना में एक तस्कर और दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

Next Post

कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को कोर्ट से सशर्त जमानत

Fri May 16 , 2025
इंदौर। पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से पाकिस्तान समर्थक नारेबाजी के मामले में गिरफ्तार किए गए कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को अदालत ने सशर्त जमानत दे दी है. अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत में इस मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कादरी […]

You May Like