सतना: ननि बैठक में महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने सभी अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जाए और कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री मानक स्तर की हो और कार्य शुरू करने से पहले सामग्री का परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। इसके अतिरिक्त, कार्य स्थलों पर विकास परियोजनाओं की पूरी जानकारी के साथ सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बढ़े और पारदर्शिता बनी रहे।
सार्वजनिक स्थलों पर शोक पिट
वर्तमान में बढ़ते तापमान को देखते हुए महापौर ने निर्माण कार्यों में पानी के छिडक़ाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि धूल और अन्य समस्याओं से बचा जा सके। साथ ही, उन्होंने शहर के गिरते जलस्तर पर चिंता जताते हुए जल संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने का आदेश दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पार्क, सार्वजनिक स्थान और निगम के भवनों में 10&10&6 फीट के शोकपिट बनाए जाएं। ये शोकपिट वर्षा जल को संरक्षित करने में मदद करेंगे, जिससे भूजल स्तर को तेजी से गिरने से बचाया जा सकेगा।
