भोपाल, 15 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज रीवा और सीधी जिले के दौरे पर रहते हुए लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों के खाते में 1552 करोड़ 38 लाख रूपये की राशि अंतरित करेंगे।
डॉ यादव सुबह भोपाल से रीवा जिले के सिरमौर विधानसभा जाएंगे। वहां वे शासकीय बिरसा मुंडा महाविद्यालय दिव्यगंवा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सीधी विधानसभा के सीधी खुर्द तहसील गोपदबनास रवाना होंगे और वहां स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
इसी दौरान वे लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों के खातों में मई माह की 24वीं किस्त 1552 करोड़ 38 लाख रूपये अंतरित करेंगे। साथ ही 56 लाख 68 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 340 करोड़ रूपए की राशि अंतरित होगी। 25 लाख से अधिक महिलाओं को सिलेंडर रिफिलिंग की 57 करोड़ रुपए की राशि भी उनके खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे।
यहां से वे नगर परिषद मझौली (धौहनी जिला सीधी) में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। शाम को वे भोपाल में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।
