भोपाल, 14 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बेंगलुरु के प्रवास पर रहेंगे।
इस यात्रा के संबंध में डॉ यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया, ”मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई ऊंचाई देने की संकल्प यात्रा में आज बेंगलुरु में आयोजित इंवेस्टमेंट ऑपुर्चिनिटीज इन मध्यप्रदेश विषयक सत्र में उद्योग जगत हमारे प्रदेश में निवेश की संभावनाओं से परिचित होगा। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड परिसर के अवलोकन के अलावा 2100वें मेट्रो कोच का लोकार्पण समारोह में सहभागिता भी करूंगा।”
डॉ यादव औद्योगिक निवेश को ऊंचाई देने के लिए विशेष इंटरएक्टिव सत्र ‘इन्वेस्ट इन एमपी’ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव का बीईएमएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक और बोर्ड के सदस्यों द्वारा स्वागत किया जाएगा। सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियों, अधोसंरचना और क्षेत्रवार निवेश अवसरों पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रमुख उद्योग समूहों, निवेशकों और टेक्नोलॉजी कंपनियों से संवाद करेंगे। संवाद में आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस, ऑटोमोबाइल, टूरिज्म और टेक्नोलॉजी सेक्टर के प्रमुख निवेशकों से वन टू वन चर्चा होगी।
भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एक प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है, जो मेट्रो रेल कोच, रक्षा उपकरण, खनन एवं निर्माण मशीनरी के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
