
जबलपुर,मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम जबलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बरगी हिल्स स्थित सांदीपनि विद्यालय के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंद्र के दरबार को भी भेड़ाघाट की सुंदरता चुनौती देती है। जबलपुर केवल प्राकृतिक ही नहीं, ऐतिहासिक दृष्टि से भी गौरवशाली है।
*पीएम मोदी की वीरता की सराहना*
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वीरता की सराहना करते हुए कहा कि हमारा स्वाभिमान क्या होता है, यह पीएम मोदी ने पाकिस्तान को धूल चटाकर दिखाया है। उन्होंने देश के दुश्मनों को जवाब देना सिखाया है। मुख्यमंत्री ने मंच से विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो मांगोगे, वह मिलेगा बस खुद को अपनी क्षमताओं से साबित करो। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस और ऋषि सांदीपनि के उदाहरण देकर छात्रों में देशभक्ति और संस्कारों के बीजारोपण का आह्वान किया।
