
इंदौर. मंगलवार सुबह रामनगर में रहने वाली एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. महिला जिस युवक के साथ लिव इन में रह रही थी, उसकी हत्या महिला के पति ने कर दी थी, संभवतः उसी के सदमें ने महिला ने उक्त कदम उठाया. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
विजय नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रामनगर में मंगलवार सुबह सोनिया उर्फ पुनिया बैरागी निवासी हावड़ा, कोलकाता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सोनिया तीन दिन पहले मारे गए लिव-इन पार्टनर बाबू बैरागी की हत्या से सदमे में थी. बाबू की हत्या का आरोप उसके पूर्व पति राजू यादव पर है, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस ने बताया कि सोनिया कोलकाता लौटने की तैयारी में थी और मंगलवार रात की ट्रेन से रवाना होने वाली थी. उसका टिकट भी बुक हो चुका था. हालांकि जाने से पहले वह एक बार जेल में बंद अपने पूर्व पति राजू से मिलना चाहती थी. मंगलवार सुबह पड़ोसी ने उसे उठाया, लेकिन उसने थोड़ी देर में चलने की बात कही. काफी देर तक बाहर न आने पर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो वह फंदे पर लटकी मिली. सोनिया कुछ समय से शेफ बाबू बैरागी के साथ लिव-इन में रह रही थी. इसी से नाराज होकर पूर्व पति राजू ने शनिवार सुबह बाबू की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद से सोनिया अवसाद में थी. फिलहाल पुलिस सोनिया के मायके वालों से संपर्क कर मामले की जांच कर रही है.
