पुडुचेरी में तीन नये आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन जल्द होना चाहिए: शाह

नयी दिल्ली 13 मई (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को यहां पुडुचेरी में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्यवन पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और इनको जल्द अमल में लाये जाने की जरूरत पर बल दिया।

बैठक में पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन की मौजूदगी में पुलिस, जेल, कोर्ट, अभियोजन और फॉरेन्सिक विभाग से संबंधित विभिन्न नए प्रावधानों के कार्यान्वयन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में केन्द्र शासित प्रदेश के गृह मंत्री, केन्द्रीय गृह सचिव, मुख्य सचिव , पुडुचेरी के पुलिस महानिदेशक , पुलिस रिकार्ड और विकास ब्यूरो के महानिदेशक और राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के निदेशक सहित गृह मंत्रालय और केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

श्री शाह ने कहा कि तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की दिशा में केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी ने अच्छा काम किया है। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के जल्द से जल्द कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पुडुचेरी में प्राथमिकी तमिल भाषा में ही दर्ज की जानी चाहिए और जिसे आवश्यकता हो उसे अन्य भाषाओं में इसे उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो वहां सभी गिरफ्तार अपराधियों के फिंगरप्रिंट दर्ज किए जाने चाहिएं जिससे डेटाबेस का अधिकतम उपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि सिर्फ अभियाेजन निदेशक को ही किसी भी मामले में कानूनी सलाह देने का अधिकार होना चाहिए। गृह मंत्री ने कहा कि ई-समन, ई-साक्ष्य, न्याय श्रुति और फॉरेन्सिक आदि प्रावधानों को जल्द से जल्द पूरी तरह लागू किया जाए।

श्री शाह ने कहा कि पुडुचेरी के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को सप्ताह में एक बार, गृह मंत्री को हर 15 दिन और उपराज्यपाल को महीने में एक बार नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा करनी चाहिए।

Next Post

अवामी लीग पर प्रतिबंध पर भारत ने चिंता जताई

Tue May 13 , 2025
नयी दिल्ली 13 मई (वार्ता) भारत ने बंगलादेश की अंतरिम सरकार द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाये जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए देश में शीघ्र ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं समावेशी चुनाव कराने की वकालत की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने […]

You May Like