शिमला, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर रविवार को जुब्बल क्षेत्र के में नंदपुर पंचायत के अंतर्गत मलोग में नवयुवक मण्डल मलोग द्वारा आयोजित स्वर्गीय राय सिंह रांटा मेमोरियल पंचायत स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के शुभारम्भ समारोह की अध्यक्षता की।
इस प्रतियोगिता में 35 टीमें भाग ले रही हैं।
श्री ठाकुर ने नवयुवक मण्डल मलोग के सदस्यों को इस आयोजन पर बधाई दी और कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों का सर्वधिक महत्त्व और योगदान है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में जहाँ बड़े मैदान और खुली जगह की उपलब्धता कम है, वहाँ पर वॉलीबाल, कब्बडी और खो-खो जैसे खेल उपयुक्त माने जाते हैं। इसलिये हम इन खेलों को अपने पारम्परिक खेल भी मानते है। उन्होंने बताया कि जुब्बल क्षेत्र ने वॉलीबाल में एक से बढ़कर एक राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिये है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने बताया कि वे बढ़चढ़ कर खेलों में भाग लें और नशीले पदार्थाें के सेवन की कुप्रवृति से दूर रहे।
उन्होंनें बताया कि सरकार ने युवाओं को खेल की ओर प्रेरित करने के लिए विभिन्न प्रयास किये हैं और इसी दिशा में खेल छात्रावास जुब्बल के नवनिर्मित भवन को जनता को समर्पित किया गया है। खेल छात्रावास में वॉलीबॉल के साथ-साथ अब कबड्डी और बैडमिंटन का भी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है जिससे कि राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं बच्चों को प्राप्त हो रही हैं।
