
सीहोर. नजदीकी अमलाहा टोल प्लाजा पर बीती रात दर्जनों युवाओं की भीड़ ने जमकर हंगामा मचाया. लाठी- डंडों से लैस होकर आए युवकों ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जैसे ही उन्हें पुलिस के आने की भनक लगी. वह मौके से रफूचक्कर हो गए. अब पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
भोपाल- इंदौर हाईवे स्थित फंदा और अमलाहा टोल नाकों पर आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती है. कभी कर्मचारियों के अडिय़ल रवैये के कारण तो कभी बिना टोल टैक्स निकलने की जिद करने वाले वाहन चालकों के कारण लड़ाई- झगड़ों का क्रम बना रहता है. इसी तारतम्य में बीती रात भी अमलाहा के टोल प्लाजा पर वाहन में सवार युवाओं और टोलकर्मियों के बीच हुआ विवाद कुछ ही देर में बड़े झगड़े में तब्दील हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को रात करीब आठ बजे के समय एक काली कार में सवार कुछ युवक अमलाहा टोल प्लाजा पर पहुंचे और बिना टोल दिए आगे निकलने का प्रयास करने लगे। इस दौरान टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर युवकों व कर्मचारियों में विवाद शुरू हो गया. बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलते ही अमलाहा पुलिस चौकी प्रभारी बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर किसी तरह मामला शांत कराया. इसके बाद कार सवार युवक उस वक्त तो वहां से चले गए, लेकिन करीब एक घंटे बाद 50 से 60 युवक लाठी-डंडों से लैस होकर चार-पांच गाडिय़ों में सवार होकर वापस टोल पर आ धमके.
पचास से अधिक युवा डंडे लेकर पहुंचे
हाथों में डंडे लेकर पहुंची युवाओं की भीड़ ने पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और टोल कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इससे अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने भागने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा. जिसे देखते ही युवक गाडिय़ों में सवार होकर फरार हो गए. इस हमले में टोल कर्मचारी नीरज कुमार को चोट लगी है. अमलाहा चौकी प्रभारी चिन्मय मिश्रा का कहना है कि टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और फुटेज के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी.
