पत्नी और दोस्त के प्रेमी ने रची पति की हत्या की साजिश, 10 लाख की सुपारी में हुआ खौफनाक कत्ल

भोपाल।पिपलानी थाना पुलिस ने एक अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक जार्ज कुरियन की पत्नी और उसकी दोस्त के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने पति से परेशान होकर अपनी दोस्त रेखा सूर्यवंशी के प्रेमी संजय पाठक के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस को संजय पाठक के खाते से पैसे के लेनदेन के भी प्रमाण मिले हैं.

मृतक की पत्नी बिट्टी कुरियन ने पुलिस को गुमराह करते हुए अपने पति की बाथरूम में गिरने से मौत होने की झूठी कहानी बताई थी और करीब 20 दिनों तक पुलिस को अंधेरे में रखा। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी।

जांच में पता चला कि मृतक जार्ज कुरियन का अपनी किरायेदार रेखा सूर्यवंशी को लेकर संजय पाठक से विवाद था। रेखा, जो संजय पाठक की प्रेमिका है, भी जार्ज कुरियन के व्यवहार से परेशान थी। पुलिस के मुताबिक, पैसे की चाह और अपने प्रेमी के अपमान का बदला लेने के लिए रेखा ने हत्या की साजिश में अहम भूमिका निभाई। मृतक द्वारा संजय पाठक की बेटी को उठाने की धमकी देने और रेखा से बात न करने देने के कारण भी दोनों आरोपियों के मन में मृतक के प्रति गुस्सा था।

पुलिस ने बताया कि 18 अप्रैल 2025 की रात को संजय पाठक ने जार्ज कुरियन की हत्या कर दी थी और इसके बाद आरोपियों ने मिलकर हत्या के सभी सबूत मिटाने का प्रयास किया। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर घटना स्थल पर सीन रीक्रिएट किया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मृतक की पत्नी और रेखा सूर्यवंशी के बयानों में विरोधाभास पाया गया। कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने संजय पाठक के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। उन्होंने यह भी बताया कि हत्या के बाद उन्होंने कमरे की सफाई कर दी थी और सबूत मिटाने की कोशिश की थी। आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्हें किसी ज्योतिषी ने बताया था कि मृत्यु के पांच घंटे बाद जार्ज कुरियन जीवित हो जाएगा, इसलिए उन्होंने पांच घंटे तक शव को घर पर ही रखा और उसके बाद अस्पताल ले गए। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि एक महीने पहले भी रेखा सूर्यवंशी ने मृतक पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह घायल हो गया था लेकिन बच गया था।

Next Post

50 युवाओं की भीड़ ने अमलाहा टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटा

Sat May 10 , 2025
सीहोर. नजदीकी अमलाहा टोल प्लाजा पर बीती रात दर्जनों युवाओं की भीड़ ने जमकर हंगामा मचाया. लाठी- डंडों से लैस होकर आए युवकों ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जैसे ही उन्हें पुलिस के आने की भनक लगी. वह मौके से रफूचक्कर हो गए. अब पुलिस टोल […]

You May Like