
मोहन बड़ोदिया। निपानिया कंजर डेरे के समीप एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया. जिसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां को गंभीर हालत में इंदौर रैफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार हादसा निपानिया कंजर डेरे और नलखेड़ा के बीच हुआ. यहां तलेनी से मान के कार्यक्रम में शामिल होकर बाईक से अपनी पत्नी व बच्चे के साथ नलखेड़ा जा रहे बाइक सवार पवन पिता लालजीराम मालवीय उम्र 26 वर्ष को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी. हादसे में पवन की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि पवन की पत्नी और उसके बच्चे को मोहन बड़ोदिया सीएचसी लाया गया. जहां से जिला अस्पताल शाजापुर रैफर किया गया. लेकिन यहां पवन के पुत्र हिमांशु उम्र 3 वर्ष को डॉक्टर द्वारा मृत घोषित कर दिया गया और महिला को इंदौर रैफर किया गया. मृतक पवन का पोस्टमार्टम मोहन बड़ोदिया सीएचसी पर गुरुवार सुबह कर शव परिजन को सौंपा गया. मोहन बड़ोदिया थाने पर पदस्थ एएसआई इसराइल खान ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है और पवन के पुत्र हिमांशु मालवीय का जिला अस्पताल शाजापुर में गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंपा गया.
