भोपाल में सिरफिरे ने दुकानदार पर फेंका एसिड, हाथ-पांव झुलसे

भोपाल: राजधानी के गांधी नगर इलाके में बुधवार दोपहर एक सिरफिरे युवक ने एक जूस की दुकान चलाने वाले व्यवसायी पर एसिड फेंक दिया। इस हमले में दुकानदार के हाथ और पैर बुरी तरह से झुलस गए।

पुलिस के अनुसार, घटना आशाराम तिराहे के पास हुई। पीड़ित, जिसकी पहचान राजेश के रूप में हुई है, अपनी जूस की दुकान पर काम कर रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे प्रमोद साहू नामक एक युवक उनकी दुकान पर गन्ने का रस पीने आया था।

बताया जा रहा है कि दुकान पर पहले से कुछ महिला ग्राहक बैठी हुई थीं, जिनके पास आरोपी प्रमोद जाकर बैठ गया। दुकानदार राजेश ने उसे दूसरी जगह बैठने के लिए कहा, जिससे वह आगबबूला हो गया। गुस्से में आकर प्रमोद ने अपने बैग से एक बोतल निकाली और उसमें भरा एसिड राजेश पर फेंक दिया।

एसिड पड़ते ही राजेश दर्द से चीख उठे। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और आरोपी प्रमोद को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

गांधी नगर थाना प्रभारी सुरेश फरकले ने बताया कि पुलिस ने आरोपी प्रमोद साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित राजेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने एसिड क्यों फेंका और क्या उसकी पीड़ित के साथ कोई पुरानी रंजिश थी।

Next Post

कोलकाता नाइटराइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का किया फैसला

Wed May 7 , 2025
कोलकाता 07 मई (वार्ता) कोलकाता नाइटराइडर्स ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 57वें मैच में टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आज यहां कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान अजिंक्य राहणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टॉस के बाद […]

You May Like