रितिक ने यश घांघस को हराकर पुरुष जूडो 100 प्लस किग्रा वर्ग में अपना तीसरा स्वर्ण पदक जीता

उदयपुर, 09 दिसंबर (वार्ता) खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) राजस्थान 2025 में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के रितिक ने यश घांघस को हराकर जूडो पुरुष 100 प्लस किग्रा वर्ग में अपना तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
उदयपुर के अटल बिहारी वाजपेयी इंडोर हॉल में अपने चौथे केआईयूजी में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) का प्रतिनिधित्व करते हुए रितिक ने अपना तीसरा केआईयूजी स्वर्ण पदक जीता। उनके खाते में इससे पहले एक कांस्य पदक भी शामिल है।
यह जीत इसलिए भी खास थी क्योंकि कुछ दिन पहले ही रितिक को हांगकांग में एशियन ओपन चैम्पियनशिप में पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन वे उस निराशा में डूबने के बजाय सीधे उदयपुर पहुंचे और विदेशी दौरे से मिली सीख को अपनी रणनीति और मानसिक मजबूती में बदलते हुए शांत, संयमित और प्रभावी खेल दिखाया। फाइनल में उन्होंने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी यश घांघस को हराकर खिताब अपने नाम किया।
मुकाबले के बाद रितिक ने कहा, “हमारे वेट कैटेगरी में खिलाड़ी कम हैं, इसलिए हम एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। मैंने उसे पहली बार गुवाहाटी केआईवाईजी में हराया था और केआईयूजी 2025 में फिर ऐसा कर पाने की खुशी है।”
रितिक ने कहा, “पहले राउंड में हारने के बावजूद हांगकांग से मैं बहुत कुछ सीखकर लौटा हूं। जूडो में मानसिक मजबूती भी उतनी ही जरूरी है। ऐसी यात्राओं से पता चलता है कि वर्ल्ड और ओलंपिक चैंपियन खेल को कैसे देखते हैं, उनकी तकनीकें क्या हैं और विश्व स्तर के खिलाड़ियों के साथ स्पैरिंग का अनुभव मिलता है।”

Next Post

दिया चितले और मानुष शाह की जोड़ी डब्ल्यूटीटी फाइनल में करेगी स्पर्धा

Tue Dec 9 , 2025
हांगकांग 09 दिसंबर (वार्ता) दिया चितले और मानुष शाह की जोड़ी बुधवार से यहां शुरु हो रहे डब्ल्यूटीटी फाइनल 2025 प्रतियोगिता के मिश्रित युगल में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। हांगकांग में डब्ल्यूटीटी फाइनल 2025 ग्लोबल डब्ल्यूटीटी सीरीज का समापन है, जिसमें साल के केवल शीर्ष रैंक वाले खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। […]

You May Like