
गुना। जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र में पार्वती नदी के पास यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई है, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। सभी लोग शिवपुरी जिले के बदरवास से शादी समारोह में शामिल होने कोटा गए थे और वापस बदरवास लौट रहे थे।
जानकारी सामने आई है कि शिवपुरी जिले के बदरवास थाना अंतर्गत ग्राम टपरन निवासी आलम केवट की बेटी का विवाह 5 मई को कोटा में हुआ था। आलम का परिवार और लगभग 40 से ज्यादा परिजन एवं रिश्तेदार शादी समारोह में शामिल होकर सिंहपुर ट्रेवल्स की बस में सवार होकर सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे धरनावदा पहुंचे थे। इसी दौरान बस नियंत्रित होकर पार्वती नदी के नजदीक स्थित एक खेत में पलट गई।
दुर्घटना होते ही बस का चालक सबसे पहले मौके से भाग खड़ा हुआ। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई उन्होंने किसी तरह अपने आप को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद ही पुलिस एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में लगभग 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं इन सभी को एंबुलेंस की मदद से गुना जिला और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उपचार के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया है।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस चालक को शायद नींद आ गई थी इसलिए वह नियंत्रण नहीं रख पाया और बस खेत में पलट गई। यात्रियों के मुताबिक हादसा कुछ देर पहले होता तो बस पार्वती नदी में भी गिर सकती थी जिससे बड़ी जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज गुना के अलग-अलग अस्पतालों में ही किया जा रहा है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है।
