
उज्जैन। जोगनिया माता के दर्शन करने गए पिता-पुत्र बाइक से घर लौट रहे थे। तभी तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। वहीं रास्ते में उनकी बाइक को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। पिता पुत्र को अस्पताल लाया गया जहां पिता की मौत हो गई।
ग्राम कागदी काराडिय़ा में रहने वाला सोहन पिता अंबाराम धानक अपने पुत्र विराज के साथ जोगनिया माता के मंदिर दर्शन करने गया था। जहां से शाम 6 बजे दोनों चापस घर लौट रहे थे। ग्राम अरनियाखेड़ी के समीप तेज रफ्तार से आए चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुत्र विराज को पैरों में चोट लगी थी। उसने गिरते पानी के बीच ही परिजनों को सूचना दी। परिजन घटना स्थल पहुंचे और एम्बुलेंस को कॉल किया। लेकिन एक घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। परिजन बमुश्किल घायल पिता-पुत्र को चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। पिता की हालत काफी नाजुक थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन थियेटर पहुंचाया। लेकिन सोहन ने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। सोहन खेती-किसानी का काम करता था और दो बच्चों का पिता था। पुलिस ने अज्ञात चार पहिया वाहन की तलाश शुरू की है।
