
ग्वालियर। महाराजपुरा रोड पर बाइक सवार दो बदमाश एक महिला से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। पिंटो पार्क के आदर्श नगर निवासी सतेन्द्र गुर्जर एसएएफ में सिपाही हैं। उनकी पत्नी कोमेश गुर्जर डीडी नगर एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई थी। जब वह एयरपोर्ट
रोड पर अभिनंदन वाटिका के सामने पहुंचीं, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर गले से मंगलसूत्र और चेन लूट ली। पीड़ित महिला ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। इसके बाद महिला ने अपने पति के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उसके गले में पहनी चेन और मंगलसूत्र पर एक साथ झपट्टा मारा। इस दौरान वह लड़खड़ाकर बदमाशों की बाइक के साथ कुछ दूर तक घिसटती चली गई। उसने अपने गहने बचाने की कोशिश की, जिससे आधी चेन उसके हाथ में रह गई और बाकी गहने बदमाश छीनकर ले गए।
*सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश*
इस मामले में पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गुपचुप तरीके से भी घटना स्थल के आसपास मुखबिरों के जरिए जांच शुरू की है।
