पेरिस, 29 अगस्त (वार्ता) पेरिस में चल रही बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2025 में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने छठी वरीयता प्राप्त चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग को हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया।
राउंड-ऑफ-16 में चीनी जोड़ी का सामना करते हुए, सात्विक-चिराग ने गुरूवार को शुरुआती गेम 19-21 से मामूली अंतर से गंवा दिया, लेकिन शानदार वापसी करते हुए दूसरे गेम में 21-15 से दबदबा बनाया। निर्णायक गेम काफी रोमांचक रहा, जिसमें कई बार स्कोर बराबर रहा, लेकिन सात्विक-चिराग ने 1 घंटे 6 मिनट में 21-17 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
अब भारतीय जोड़ी का सामना दूसरी वरीयता प्राप्त मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक से होगा, जो अपनी जीत की लय को जारी रखना चाहेंगे।
इससे पहले दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधु ने महिला एकल में तथा ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने मिश्रित युगल में क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
सिंधु ने विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की वांग झीयी पर जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। 2019 की विश्व चैंपियन सिंधु ने पहले गेम में जीत के साथ अपनी पकड़ मजबूत कर ली, और फिर दूसरे गेम में अपनी प्रतिद्वंद्वी को पूरी तरह से मात देते हुए केवल 48 मिनट में 21-19, 21-15 से जीत हासिल की।
सिंधु शुक्रवार को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए इंडोनेशियाई शटलर पुत्री कुसुमा वर्दानी से भिड़ेंगी।
ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने पांचवीं वरीयता प्राप्त हांगकांग चीन के तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट को एक घंटे 3 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 19-21, 21-12, 21-15 से हराया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला चौथी वरीयता प्राप्त मलेशिया की चेन तांग जी और तोह ई वेई की जोड़ी से होगा।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी क्वार्टरफाइनल में
