भिंड: आज तड़के तेज रफ्तार कार और बाइक टकरा गए। टक्कर के बाद कार पलट गई। हादसे में बाइक सवार तीन और कार सवार एक शख्स की मौके पर ही जान चली गई। पांच गंभीर हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक्सीडेंट नेशनल हाइवे 719 पर पिड़ौरा गांव के पास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कठमा गांव निवासी बिहारीलाल बघेल, उनके चाचा सुजान सिंह बघेल और सुजान का पुत्र ऋषिकेश बघेल भिंड में फलदान कार्यक्रम में गए थे।
तड़के घर लौट रहे थे। बाइक ऋषिकेश चला रहा था।इसी दौरान पोरसा से भिंड की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने एक वाहन को ओवरटेक करते हुए ऋषिकेश की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार सवार महमूद पुत्र हमीद खान निवासी पोरसा की मौके पर ही मौत हो गई।
सूरज, कल्लू, अंशु, शकील और चालू घायल हो गए। सभी को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिंड पहुंचाया गया। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाई। एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल भिजवाने में मदद की। इसके बाद वे अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को उचित उपचार के निर्देश दिए।
