पांच कालोनियों के अवैध निर्माण जमींदोज,कल से हटेगा मेन रोड का अतिक्रमण

सीहोर। रविवार को नायब तहसीलदार चंचल जैन के नेतृत्व में राजस्व व नपा के अमले ने शहर की पांच अवैध कालोनियों में जारी अवैध निर्माण कार्य को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया. पिछले कई महीनों से अवैध कालोनियों के खिलाफ मुहिम ठंडी पड़ी थी.नतीजतन शहर के चारों तरफ कालोनियों की बाढ़ सी आ गई.

नायब तहसीलदार चंचल जैन के नेतृत्व में पटवारी नवनीत चौरसिया, संजय राठौर और नपा के अतिक्रमण शाखा प्रभारी तिलक खाती मुरली रोड स्थित सायलो के समीप बनी अवैध कालोनी पर जेसीबी लेकर जा धमके. लगभग छह एकड़ क्षेत्र में बन रही अंजनी धाम नामक इस निर्माणाधीन कालोनी में कालोनाईजर द्वारा बनाए टीनशेड के आफिस को जेसीबी की मदद से धराशायी किया गया. इसके अलावा अवैध कालोनी में बिछी मुरम की सड़क को खोदा गया.

इसके बाद राजस्व विभाग का अमला इंदौर नाके से श्मशान मार्ग पर बन रही एक और अवैध कालोनी माधव विहार कालोनी पर पहुंची. यह कालोनी लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित करने की योजना है, लेकिन रविवार को प्रशासन की टीम ने यहां पहुंचकर कालोनाईजर की मेहनत को नेस्तनाबुत कर दिया. कालोनी के प्रवेश द्वार को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया तो यहां बने आफिस को भी तोड़ दिया गया.

गौरतलब है कि कलेक्टर बालागुरू के द्वारा शहर में विकसित हो रही अवैध कालोनियों पर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने ऐसी सभी अवैध कालोनियों की रजिस्ट्री पर भी रोक लगा रखी है. इसी तारतम्य में इन कालोनियों के खिलाफ एक बार फिर कार्रवाई की शुरुआत हो गई है. देखते हैं यह मुहिम कब तक जारी रहेगी.

उधर,मेन रोड पर भी अतिक्रमण का बोलबाला है. दुकानों का सामान आधी सड़क तक रखे जाने के चलते बाजार में दिन भर जाम के हालात बने रहते हैं. हालांकि नपा द्वारा पूर्व में कई बार अतिक्रमण हटाने के बारे में कहा जाता रहा. एक बार फिर नगरपालिका द्वारा सोमवार से मेन रोड का अतिक्रमण विरोधी मुहिम शुरू करने का कहा जा रहा है. अतिक्रमण शाखा प्रभारी तिलक खाती ने कहा कि सोमवार से मेन रोड पर दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया जाएगा और चालानी कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

लगातार दूसरे दिन शाम को चला अंधड़, बरसी बूंदें

Sun May 4 , 2025
सीहोर। रविवार को भी शाम घिरते ही आसमान पर बादल छा गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं. इस दौरान मामूली बूंदाबांदी भी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया, हालांकि उमस ने जरूर लोगों को बेहाल किया. अप्रैल माह की तरह मई में भी गर्मी के तेवर उग्र बने […]

You May Like