
बुधनी। वन अमले द्वारा अवैध सागौन का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध सागौन सहित वाहन जप्त कर कार्यवाही की गई. जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र में बीती शाम वन विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली एक वाहन में कुछ लोग अवैध सागौन भरकर बेचने ले जा रहे हैं. सूचना पर उपवन मंडल अधिकारी सुकृति ओसवाल के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाशचंद्र उईके द्वारा टीम के साथ घेराबंदी कर वर्धमान फैक्ट्री के समीप पिकअप वाहन को रोक कर तलाशी ली गई. जिसमें 27 नग अवैध सागौन की सिल्लियां भरी हुई थी. पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अंतिम राठौड़ आत्मज मनोहर राठौड़, गौतम कहार आत्मज बृजेश कहार निवासी भैरूंदा बताया.
इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाशचंद्र उइके ने बताया कि सागौन की सिल्लियां से भरी पिकअप लकड़ी लेकर से नर्मदापुरम की ओर जा रही थी जिसकी सूचना मिलते ही घेराबंदी कर कब्जे में लिया है. अभी फिलहाल ये पता नहीं चला है कि उक्त लकड़ी कहां से काटी गई है जिसको लेकर आरोपियों से पूछताछ जारी है. जप्त सागौन की कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है.
