इंदौर: होटल में पहचान बढ़ाकर महिला को लोन दिलाने का झांसा देने वाले एक शातिर ठग को तेजाजी नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला से डेढ़ लाख रुपए ऐंठने के बाद फरार हो गया था. पूछताछ में उसने ठगी की वारदात कबूल कर ली है.तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली रीना राठौर ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि होटल में ठहरने के दौरान उसकी पहचान संतोष वर्मा से हुई थी.
आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए जल्द लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग बहाने बनाकर करीब 1.50 लाख रुपए ले लिए. इसके बाद वह संपर्क तोड़कर फरार हो गया था. शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शहर के विभिन्न होटलों में आरोपी की तलाश की. आखिरकार 12 जुलाई को उसे विजयनगर क्षेत्र के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की जा रही मारुति बलेनो कार एमपी 09 7706 भी जब्त की है.
रिमांड के दौरान अन्य मामलों में भी की जा रही पूछताछ
पूछताछ में आरोपी ने महिला से ठगी करना स्वीकार कर लिया. पुलिस रिमांड के दौरान उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आया कि 60 वर्षीय संतोष वर्मा, भंवरकुआं क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें भंवरकुआं थाने के दो स्थायी वारंट तथा लसूड़िया थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला शामिल है. थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इसी तरह की ठगी की अन्य वारदातें तो नहीं की हैं.
