जबलपुर: रांझी गोकलपुर मार्ग पर जबलपुर इंजीनियरिंग कालेज के छात्रावास में रविवार दोपहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब पानी की किल्लत को लेकर छात्र बिफर गए। छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया । इसके बाद कैम्पस से बाहर निकले और चिलचिलाती धूप में सडक़ पर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मोर्चा संभाला । छात्रों को प्रदर्शन न करने की समझाईश दी। छात्रों का कहना रहा कि महीनों से पानी की समस्या बनी हुई लेकिन छात्रावास प्रबंधन द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत होने से छात्र परेशान है। वार्डन से भी बात कराई गई। छात्रों को आश्वासन दिया गया कि पानी की समस्या को दूर किया जायेगा। पुलिस की समझाईश के एक घंटे बाद छात्र हटे।
हाथ में बाल्टी, डिब्बा लेकर निकले
जबलपुर इंजीनियरिंग कालेज के छात्रावास में पानी की की किल्लत है । जिसके चलते छात्रावास क्रमांक सात और आठ के छात्रावासी छात्रों ने मोर्चा खोला। उनका आरोप है कि पिछले आठ माह से छात्रावास में पानी की आपूर्ति प्रभावित है। जिसके चलते वे हाथ में बाल्टी, डिब्बा लेकर प्रदर्शन करने मजबूर हुए । छात्रावास से निकलकर छात्र सडक़ पर पहुंचे और रांझी गोकलपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया था।
कैंपस से शुरू हुआ हंगामा, सडक़ पर लगा जाम
छात्रों ने पहले कैम्पस से हंगामा शुरू किया। जब उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वे उग्र हो गए। इसके बाद सडक़ पर उतर गए थे । बीच सडक़ पर धरने पर बैठ गए । इस दौरान जाम लग गया। वाहनों की कतारे लग गई। मामले की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें समझाइश दी।
कई शिकायतें, सुनवाई नहीं
छात्रों का आरोप रहा कि उन्होंने कालेज प्राचार्य से लेकर छात्रावास प्रबंधन से पानी की किल्लत को लेकर शिकायतें की लेकिन समधान नहीं किया गया । जिसके चलते पानी की किल्लत बनी हुई है। बताया जाता है कि पानी चढ़ाने वाली मोटर खराब पड़ी है जिसके चलते पानी की समस्या और बढ़ गई है। हालांकि बाद में आश्वासन के बाद छात्र माने और प्रदर्शन समाप्त हुआ।
