नयी दिल्ली 04 मई (वार्ता) विदेशी बाजारों के मिलेजुले रूख के बीच स्थानीय स्तर पर चुनिंदा जिंसों में मांग निकलने से बीते सप्ताह दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेलों और दाल दलहन में मिश्रित रूख देखा गया जबकि अनाज और मीठे के बाजार में टिकाव रहा।
तेल-तिलहन : वैश्विक स्तर पर मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मई वायदा सप्ताहांत पर 13 रिंगिट बढ़कर 4145 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। इसी तरह मई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 3.57 सेंट की तेजी के साथ 51.03 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
इस दौरान सरसों तेल 366 रुपये और पाम ऑयल में 366 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी को छोड़कर अन्य खाद्य तेलों में नरमी देखी गयी। मूंगफली तेल 733 रुपये, सूरजमुखी तेल 219 रुपये, सोया रिफाइंड 110 रुपये और वनस्पति तेल 368 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया।
सप्ताहांत पर सरसों तेल 15751 रुपये प्रति क्विंटल, मूंगफली तेल 18314 रुपये प्रति क्विंटल, सूरजमुखी तेल 16484 रुपये प्रति क्विंटल, सोया रिफाइंड 14725 रुपये प्रति क्विंटल, पाम ऑयल 13919 रुपये प्रति क्विंटल और वनस्पति तेल 16116 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।
