इंदौर:सेंट्रल में बंद कैदियों को अब नियमित रूप से नींबू-पानी, छाछ और कैरी का पानिया दिया जाएगा, ताकि तेज गर्मी में लू और डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके.जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया कि भोपाल जेल मुख्यालय से आदेश आने के बाद दोनों जेलों में यह गर्मी राहत योजना शुरू की गई है. सेंट्रल जेल में फिलहाल 2236 कैदी सजा काट रहे हैं, जिनमें 95 महिला बंदी भी शामिल हैं.
सभी को छाछ, नींबू पानी व केरी का पानिया अलग-अलग दिन वितरित किया जा रहा है. 36 बैरकों में अब एक स्वयंसेवी संस्था की मदद से 400 मटकों की व्यवस्था की गई है, जिससे कैदियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा सके. हर बैरक में अतिरिक्त पंखों की व्यवस्था भी की जा रही है ताकि हवा की पर्याप्त आपूर्ति हो सके. जेल कैंटीन में बंदियों द्वारा जमा की गई राशि से यह पेय पदार्थ और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे सरकारी बजट पर अतिरिक्त बोझ नहीं आ रहा.
