भोपाल स्टेशन पर अचेत मिले व्यक्ति को समय रहते मिली चिकित्सा सहायता

भोपाल। रेल विभाग यात्रियों की सुरक्षा का ख्याल बखूबी निभा रहा है. भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला. इसकी जानकारी मिलने पर रेलवे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल ही चिकत्कीय सुविधा उपलब्ध कराई. बेसुध अवस्था में मिले व्यक्ति का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार स्टेशन के नए भवन के पोर्च क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली. आवागमन करने वाले यात्रियों ने इसकी सूचना तत्काल ही उपस्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) आनंद कृष्ण मिश्रा को दी. मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 स्थित आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में तैनात चिकित्सक डॉ. नूर हसन को सूचित किया और स्वयं मौके पर पहुंचे.

डॉ. नूर हसन द्वारा मौके पर पहुंचकर जब उक्त व्यक्ति की चिकित्सकीय जांच की गई तो पाया गया कि वह तीव्र लू (हीट स्ट्रोक) का शिकार हुआ है. उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता है. व्यक्ति के पास से दिल्ली से अमृतसर की टिकट तथा एक हस्तलिखित पर्ची प्राप्त हुई, जिस पर लिखा था कि “मुझे सासाराम बिहार पहुंचा दीजिये , मैं खो गया हूँ “. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मिश्रा द्वारा तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया गया तथा साथ ही आरपीएफ एवं जीआरपी को सुचित किया. एम्बुलेंस स्टेशन परिसर में पहुंची और उक्त व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद जीआरपी कांस्टेबल के साथ आगे के इलाज हेतु हमीदिया अस्पताल भेजा गया.

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल रेल प्रशासन द्वारा स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया, रेलवे के प्रति जनकल्याण की भावना को दर्शाता है. यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता ही हमारा प्रथम कर्तव्य है और इसी उद्देश्य के साथ कार्य किया जा रहा है.

 

Next Post

इजरायल ने सीरिया की दमिश्क, मध्य और पश्चिमी प्रांतों पर हवाई हमले किए

Sat May 3 , 2025
दमिश्क, 03 मई (वार्ता) इजरायल ने हवाई हमले तेज करते हुए सीरिया की राजधानी दमिश्क के साथ-साथ देश के मध्य और पश्चिमी प्रांतों में युद्धक विमानों के हमले किये और कई क्षेत्रों में ड्रोन गतिविधियाँ देखी गईं। सीरियाई मीडिया और एक निगरानी समूह के अनुसार शुक्रवार को इजरायल ने पूरे […]

You May Like