
सीहोर।शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती की अध्यक्षता एवं प्रदेश प्रवक्ता व जिला मीडिया प्रभारी हर्ष जैन के मुख्य आतिथ्य में पत्रकार वार्ता आयोजित हुई.
हर्ष जैन ने केंद्र सरकार की 2026 की जनगणना के साथ जातिगत जनगणना कराने की घोषणा को सामाजिक न्याय की दिशा में एक क्रांतिकारी और ऐतिहासिक कदम करार देते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की दूरदर्शिता, अथक संघर्ष और जनहित के प्रति उनकी अडिग प्रतिबद्धता की जोरदार प्रशंसा की.
श्री जैन ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना को सामाजिक समानता का आधार बनाकर इसे न केवल राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बनाया. बल्कि भाजपा की वंचित-विरोधी नीतियों की पोल खोल दी. वर्ष 2023 से 2024 तक उन्होंने संसद में, रैलियों में, प्रेस कॉन्फ्रेंस में और सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया. तेलंगाना के जातिगत सर्वेक्षण को एक पारदर्शी और समावेशी मॉडल के रूप में प्रस्तुत करते हुए उन्होंने 50 प्रतिशत आरक्षण सीमा को हटाने की मांग उठाकर भाजपा की दलित, पिछड़ा वर्ग विरोधी मानसिकता को ललकारा है.
जैन ने कहा कि जातिगत जनगणना की यह जीत राहुल गांधी की उस सतत लड़ाई का हिस्सा है. जिसमें उन्होंने बार-बार भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को न केवल उजागर किया, बल्कि उन्हें वापस लेने के लिए बाध्य किया. जिसमें कृषि कानूनों की वापसी, अग्निवीर योजना में सुधार, ब्रॉडकास्टिंग सर्विसेज बिल की वापसी, लेटरल एंट्री भर्ती रद्द, रेलवे कुलियों की मांगें, दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद राहुल गांधी ने रेलवे कुलियों की बदहाली को उठाया.
