भोपाल, 02 मई (वार्ता) गर्मी के दौरान अतिरिक्त यात्री यातायात को क्लियर करने के उद्देश्य से उधना-समस्तीपुर-उधना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन विशेष किराये पर 05-05 ट्रिप चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना स्टेशनों से होकर गन्तव्य को जाएगी।
पमरे के भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 09069 उधना-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 03 मई से 31 मई तक प्रत्येक शनिवार को उधना स्टेशन से रात 20:35 बजे प्रस्थान कर, अगले दिन इटारसी सुबह 06:05 बजे, जबलपुर 09:20 बजे, कटनी 10:45 बजे, सतना 12:25 बजे पहुँचकर, अन्य स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सोमवार 02:35 बजे समस्तीपुर स्टेशन पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 09070 समस्तीपुर-उधना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 05 मई से 02 जून तक प्रत्येक सोमवार को समस्तीपुर स्टेशन से प्रातः 05:00 बजे प्रस्थान कर, सतना 19:10 बजे, कटनी रात 22:00 बजे, अगले दिन जबलपुर मध्यरात्रि 00:05 बजे, इटारसी 03:35 बजे पहुँचकर, अन्य स्टेशनों से होते हुए मंगलवार दोपहर 14:00 बजे उधना स्टेशन पहुंचेगी।
यह ट्रेन रास्ते में दोनों दिशाओं में चलथान, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र जंक्शन, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर स्टेशनों पर ठहराव लेगी। इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी और सामान्य श्रेणी के कोच रहेंगे।
