जबलपुर: पुलिस जोन बिना आईजी के चल रहा है जबकि भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसने वाली ईओडब्ल्यू और साइबर ठगों के जाल को बेनकाब कर उनके मंसूबों पर पानी फेरते हुए उन पर लगाम कसने वाली राज्य साइबर पुलिस जबलपुर बिना मुखिया के चल रही है। साइबर क्राइम और भ्रष्टाचार पर नकेल कसने वाली ये शाखाएं बिना एसपी के चल रही हैं।
जिन्हें लंबे समय से एसपी की पोस्टिंग का इंतजार है। फिलहाल जबलपुर जोन, दोनों जांच एजेंसियों का प्रभारियों के चार्ज में है। अगर जोन की बात की जाए तो जबलपुर जोन में कटनी, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुरना आते है। 31 मार्च को जबलपुर जोन महानिरीक्षक अनिल कुशवाहा सेवानिवृत्त हो गए थे, आईपीएस सचिन अतुलकर को जबलपुर जोन का प्रभार सौंपा गया है।
इसी प्रकार सेवानिवृत्त हुए एसपी आर. डी. भारद्वाज के बाद ईओडब्ल्यू में एसपी पद पर पोस्टिंग नहीं हो सकी। जबलपुर ईओडब्ल्यू का चार्ज भोपाल एआईजी सुनील पाटीदार के पास है। इसी प्रकार राज्य साइबर पुलिस जबलपुर भी बिना एसपी के चल रही है, भोपाल एसपी को जबलपुर का प्रभार सौंपा गया है। ऐसे में प्रकरणों की विवेचना पर भी असर पड़ रहा है।
