भोपाल। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी ने इटारसी रेलवे स्टेशन का दौरा किया. स्टेशन पर स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड, डीजल लोको शेड और मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र का उन्होंने निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान त्रिपाठी ने इलेक्ट्रिक लोको शेड में होटल लोड कन्वर्टर, नवीनतम एच 12 लोको, ईटीपी प्लांट, ट्रैक्शन मोटर सेक्शन, बोगी सेक्शन, तथा ब्रेकडाउन टीम की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का अवलोकन किया. उन्होंने लोको पिट में बोगी अंडर फ्रेम के रखरखाव कार्य का निरीक्षण किया और लोको के ऊपर कार्य करते समय ओवरहेड इक्विपमेंट्स आइसोलेशन प्रक्रिया की बारीकी से जांच की.
लोको शेड की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने ईमानदारी और तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करने का सुझाव दिया. उन्होंने लोको शेड में हो रहे सिविल कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया और इंजीनियरिंग टीम को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष लोको में किए गए नवाचार और संशोधनों को प्रस्तुत किया, जिनका उद्देश्य लोको की ऊर्जा दक्षता, संचालन में स्थिरता और रखरखाव की सरलता बढ़ाना है. इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक त्रिपाठी ने मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया, जहां अमृत भारत स्पेशल ट्रेन के परिचालन हेतु भोपाल और जबलपुर मंडल के 13 लोको क्रू को प्रशिक्षण दिया जा रहा था. मंडल रेल प्रबंधक ने उपस्थित लोको पायलटों से संवाद कर माइक्रोस्लिप जैसी तकनीकी समस्याओं, पर्याप्त विश्राम, सिग्नल पासिंग एट डेंजर एवं संरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की.
