
भोपाल।हज यात्रा के लिए भोपाल से लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी यात्री रवाना हुए. राजा भोज विमानतल से रात 8.30 पर हाजी रवाना हुए. मदीना के लिए फ्लाइट में 109 यात्री सवार हुए. मप्र हज कमेटी के अध्यक्ष रफत वारसी ने यात्रियों की सुविधाओं को लेकर जानकारी दी. हाजियों के खान-पान से लेकर चिकित्सकीय सुविधा का पूरी तरह से ख्याल रखा गया है. वारसी ने बताया कि हज पर जाने वाले यात्री देशवासियों के लिए दुआ करेंगे. सभी यात्रियों को हज हाउस से एयरपोर्ट के लिए रवाना कर किया गया. इस दौरान परिजनों ने नम आंखों से हाजियों को विदाई देकर दुआ की. राज्य हज कमेटी की तरफ से गुलाब का फूल भेंट कर यात्रियों को विदा किया गया. हज पर जाने वाले यात्रियों ने कहा कि वह बहुत खुशनसीब हैं कि उन्हें हज पर जाने का मौका मिला है. इस दिन के लिए लोग कई सालों से इंतजार करते हैं.
बता दें कि हाजियों की पहली फ्लाइट मंगलवार को रवाना हो गई थी. इसमें 160 हज यात्री सवार हुए. भोपाल और इंदौर से अलग फ्लाइटों में पिछले दो दिनों से यात्री रवाना हुए. इसके अलावा साढ़े छह हजार से अधिक यात्री मुंबई से फ्लाइट के माध्यम से रवाना हुए है. फ्लाइट में हज यात्रियों के साथ उनकी देखरेख के लिए व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी दी गई है. हज करीब 40 दिन में पूरा होता है. मध्य प्रदेश सहित देशभर के हज यात्री पवित्र तीर्थ स्थल मदीना के लिए रवाना हुए हैं.
