इंदौर, 30 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के प्रवक्ता नरेंद्र सिंह सलूजा का आज यहां निधन हो गया।
उनका निधन हृदयाघात के कारण हुआ है। निवास पर वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। वे लगभग 57 वर्ष के थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री सलूजा सीहोर जिले में एक विवाह समारोह में थे। सीने में तकलीफ के चलते उन्होंने कुछ दवाइयां लीं और आज सुबह गृहनगर इंदौर रवाना हो गए। इंदौर में भी उन्हें तकलीफ हुयी और उनके साथियों ने उन्हें अस्पताल चलने की सलाह दी, लेकिन वे अपने निवासस्थान पर ही पहुंचे। वहां पर उन्हें फिर से तकलीफ हुयी और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
श्री सलूजा के निधन की सूचना पर प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है। वे भाजपा में आने के पहले कांग्रेस में थे। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ के मीडिया समन्वयक का दायित्व भी निभाया था।

