
सीहोर/ श्यामपुर। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए उपार्जन नीति बनाई गई, लेकिन नियमों को दरकिनार कर वेयरहाउस संचालकों ने मनमाने तरीके से लाईसेंस क्षमता से ज्यादा गेहूं का भंडारण कर वेयर हाउस भर लिए. इतना ही नहीं बोरियों में भी निर्धारित मात्रा से कम गेहूं भरकर रखा गया. गौरतलब है कि जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी कार्य 15 मार्च से शुरु किया गया 5 मई तक किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा, लेकिन अपने फायदे के लिए खरीदी कार्य में उपार्जन नीति का उल्लघंन वेयरहाउस संचालकों द्वारा किया गया. श्यामपुर, दोराहा और अहमदपुर क्षेत्र के वेयर हाउस में काफी गडबडिय़ां उजागर हुई, जहां लाईसेंस क्षमता से ज्यादा गेहूं वेयर हाउस में भंडारण कर लिया गया. बोरियों में कम तौल की बातें भी सामने आई, खरीदी के बाद बोरियों में 50 किग्रा 600 ग्राम गेहूं भरकर रखना है, लेकिन वेयर संचालक निश्चित मात्रा से कम तौल कर बोरियों में भरकर रखवा रहे हैं. बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद श्यामपुर वेयरहाउस शाखा प्रबंधक द्वारा ऐसे वेयरहाउस की जांच भी की गई, उनके पंचनामे भी बनाए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. न ही इन्हें नोटिस दिए गए और न ही इसकी जानकारी अधिकारियों को देना जरूरी समझा गया. गौरतलब है कि कलेक्टर बालागुरू के ने उपार्जन कार्य में लगे अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि उपार्जन कार्य में लापरवाही न बरती जाए. किसानों को उपार्जन केन्द्रों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाए, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. किसान उपार्जन केन्द्रों पर परेशान होते रहे. मामले में सीधे विधायक को हस्तक्षेप करना पड़ा था. इसके बाद भी अधिकांश उपार्जन केन्द्रों पर किसान परेशानियों का सामना करते नजर आ रहे हैं. अब यह कारनामे को अंजाम देकर शासन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है.
अतिरिक्त गेहूं से करेंगे भरपाई
जिन वेयरहाउस ने क्षमता से ज्यादा गेहूं रखा है, उन्हें परिवहन करने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने बोरियों में कम गेहूं तौल कर रखा है उनके भी पंचनामे बनाए हैं। वेयर हाउस संचालकों से बात हुई है, जिनका कहना है कि वह अतिरिक्त गेहूं रखेंगे, जिसकी भरपाई की जाएगी।
प्रेमनारायण केसरिया,
शाखा प्रबंधक, श्यामपुर
