
जबलपुर। सराफा बाजार में एक आभूषण दुकान में बच्चियों के लिए जेवर बनवाने बुजुर्ग ने जमा पूंजी के दस लाख रूपए जमा किए लेकिन दुकानदार जालसाज दंपत्ति ने जेवर नहीं दिए और दस लाख रूपए हड़प लिए। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक पप्पू उर्फ राजकुमार सोनकर पिता स्व. ताराचंद्र सोनकर 53 वर्ष निवासी गुरंदी बाजार तिलक वार्ड ने शिकायत दर्ज कराई कि उमा सराफ व हरीश सराफ पति पत्नी है जिनकी दुकान सराफा बाजार में मेसर्स भागचंद हरीश सराफ के नाम से है जो सोने के जेवर तैयार करके देते है, जिन पर विश्वास करके अपनी जमा पूंजी सन् 2018 में रूपये 10 लाख रूपये नगद अपनी दोनों बेटी किट्टू सोनकर व मानसी सोनकर के लिए जेवर बनवाने के लिए दिया था, उमा हरीश सराफ द्वारा उक्त राशि की दो रसीद 5-5 लाख की यह कहकर दिया था कि1 अगस्त 21018 को जेवर तैयार करके दे देगी। लेकिन उक्त दिनांक से लेकर आज दिनांक तक वह हमें सिर्फ समय ही देती आ रही है और अब तो वह साफ कहती है कि कोई जेवर नहीं देंगे, सारा पैसा स्वयं अपने काम में उपयोग कर लिया है।
कईयों के साथ की जालसाजी
पीडि़त ने बताया कि उमा सराफ व हरीश सराफ द्वारा अन्य कई लोगों के साथ भी जालसाजी कर जेवर के नाम पर रूपये हड़पे गए है। संतोष सोनकर भरतीपुर जबलपुर वाले से 17 ग्राम सोना हडप कर ली गई। श्रीमति फरीदा खान पति अजीम खान, गुरंदी बाजार वाले से जेवर बनवाने के लिए लिया गया पचास हजार रूपये नगद हडप लिए गए। इसी प्रकार निर्मल सोनंकर घमापुर जबलपुर निवासी का आठ तोला सोना जेवर बनाने के लिए लेकर हड़प कर लिया, सुखराम सोनकर भरतीपुर वाले का जेवर बनाने की नाम पर सात लाख रूपये नगद लेकर हड़पे गए।
