श्री सनातन धर्म मंदिर में कल से मनेगा जन्माष्टमी उत्सव, जन्माष्टमी कल एवं नंदोत्सव 17 को

ग्वालियर:श्री सनातन धर्म मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव 16 अगस्त को एवं नंदोत्सव 17 अगस्त को मनाया जाएगा। इस अवसर पर 16 अगस्त को सुबह शहनाई वादन होगा, भगवान श्री चक्रधर एवं श्री गिरिराजधरण को 200 किलोग्राम मक्खन एवं 25 प्रतिशत मिश्री के मिश्रण से 12000 कुलिया तैयार की जाएगी। 5 क्विंटल सिंघाड़े के आटे की पंजीरी का भोग अर्पित किया जाएगा।

भगवान श्री चक्रधर एवं श्री गिरिराजधरण के लिए वृंदावन से भव्य पोशाक तैयार कराई जा रही है, साथ ही भगवान का माला मुकुट एवं श्रृंगार वृंदावन से ही लाया जाएगा। भगवान चक्रधर को परंपरागत सीतारामी हार एवं स्वर्ण आभूषण प्रतिवर्ष की भांति धारण कराए जाएंगे। इस अवसर पर भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा एवं आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। रात्रि 12 बजे अखिल कोटि ब्रह्मांड नायक आनन्दकंद सर्वेश्वर भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य उत्सव होगा।

दूसरे दिन 17 अगस्त को श्री सनातन धर्म मंदिर नंदभवन नंदालय के रूप में सजेगा। नंदोत्सव पर बधाईगान* होगा, बधाइयां लुटाई जाएंगी एवं छप्पन भोग दर्शन होंगे। सायंकाल 7 बजे से श्याम हवेली भक्त मण्डल के श्री श्याम अग्रवाल (श्याम भैया) द्वारा श्याम संकीर्तन किया जाएगा। मंदिर अध्यक्ष विजय गोयल ने बताया इस वर्ष भक्तों को दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि भक्त कम समय में सुविधाजनक रूप से दर्शनों का भरपूर आनंद ले सकें। दर्शन के पश्चात सभी भक्तों को मक्खन की कुलिया एवं सिंघाड़े की पंजीरी का विशेष प्रसाद वितरित करने की व्यवस्था भी की गई है।

Next Post

ग्वालियर स्मार्ट सिटी कार्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल में तिरंगा फहराया

Fri Aug 15 , 2025
ग्वालियर: मोतीमहल स्थित ग्वालियर स्मार्ट सिटी कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्ण माहौल में तिरंगा फहराया गया। ग्वालियर स्मार्ट सिटी के सीईओ संघप्रिय ने कार्यालय परिसर मे ध्वजारोहण किया। इस मौके पर ग्वालियर स्मार्ट सिटी के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान किया गया। […]

You May Like