सिंगरौली: जिले के गोरबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिताही में शुक्रवार तड़के एक महिला का शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जमकर हंगामा किया और उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान दिव्या भारती (30) पत्नी जग्यलाल साकेत, निवासी चिताही के रूप में हुई है। बताया गया कि बीती रात दिव्या अपने एक बच्चे के साथ अलग कमरे में सो रही थी, जबकि उसका पति दो अन्य बच्चों के साथ दूसरे कमरे में था। शुक्रवार अल सुबह करीब 3 बजे जग्यलाल का भतीजा महुआ बनाने के लिए घर से निकला, तभी उसने कुएं के पास अपनी चाची की चप्पल देखी। शक होने पर उसने कुएं में झांककर देखा तो दिव्या का शव पानी में उतराता मिला।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल गोरबी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जब तक जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर विवाद होता रहता था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
