इंदौर: राऊ थाना क्षेत्र में सोमवार रात पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 38 वर्षीय चंदू पिता रामलाल राठौर निवासी झूलेलाल नगर, मूल रूप से ऋषि पैलेस कॉलोनी, के रूप में हुई है। घटना रात करीब 9:20 बजे बिजलपुर स्थित पावर हाउस के पास हुई।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक प्रवीण जाधव ने बताया कि चंदू और 25 वर्षीय आरोपी मुकेश पिता रमेश चंद्र बंजारा निवासी झूलेलाल नगर, के बीच पैसे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। सोमवार रात कहासुनी के दौरान मुकेश ने चंदू के सिर पर फावड़े से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल चंदू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मुकेश बंजारा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
