कांग्रेस देश की एकता कमजोर करने वाले नेताओं पर कार्रवाई करे: भाजपा

नयी दिल्ली 28 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर पाकिस्तान पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस के द्वितीय पंक्ति के नेताओं के बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से देश की एकता को कमजोर करने वाले ऐसे नेताओं पर कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पहलगाम में जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, वो पूरे देश ने देखी और पूरे देश में गुस्सा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार में स्पष्ट कहा है कि आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई, बहुत ही सद्भाव के माहौल में मौन रखा और सरकार के साथ मिलकर आतंकियों के खिलाफ सख्ती की कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री खड़गे एवं श्री राहुल गांधी ने सार्वजनिक बयान दिया है कि हम सरकार के कदमों के साथ हैं। यही एक परिपक्व लोकतंत्र की मजबूती भी होती है।”

श्री प्रसाद ने कहा, “कांग्रेस के कुछ नेता पीड़ितों के इस दावे पर सवाल उठा रहे हैं कि आतंकवादियों ने उनका धर्म नहीं पूछा। यहां तक ​​कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा कि हम अभी भी विभाजन के परिणामों के साथ जी रहे हैं। यह वही मणिशंकर अय्यर हैं जिन्होंने कभी पाकिस्तान से प्रधानमंत्री श्री मोदी को हराने में मदद मांगी थी। यह बेहद असंवेदनशील व्यवहार है।”

श्री प्रसाद ने कहा, “जब 26/11 का आतंकवादी हमला हुआ था, तब मैं पार्टी का प्रमुख प्रवक्ता था और मुझे पार्टी की ओर से कहा गया था कि सिर्फ एक लाइन लेनी है कि हम सरकार के साथ हैं। हम यही अपेक्षा कांग्रेस से भी कर रहे थे, ​लेकिन कांग्रेस के कुछ बड़े बड़े नेता ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे हमें ठेस लग रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि जंग जरूरी नहीं है हम इस जंग के पक्ष में नहीं हैं। इनके अलावा रॉबर्ट वाड्रा, मणिशंकर अय्यर समेत कांग्रेस नेताओं की ओर से और क्या क्या बयान आ रहे हैं, जिसे पाकिस्तान पूरा प्ले कर रहा है।”

भाजपा नेता ने पूछा, “क्या राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का अपनी पार्टी पर कोई नियंत्रण नहीं है? एक तरफ कांग्रेस का आधिकारिक बयान कहता है कि वे देश के साथ खड़े हैं, लेकिन दूसरी तरफ उनके नेता जो चाहें कहने के लिए स्वतंत्र हैं। पाकिस्तान इन बयानों का इस्तेमाल अपने मीडिया अभियानों में कर रहा है। ऐसे समय में जब भारत को एकजुट होने की जरूरत है, ये टिप्पणियां हमारे देश की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।”

श्री प्रसाद ने कहा, “हम इस बारे में संवाददाता सम्मेलन नहीं करना चाहते थे, लेकिन इस तरह के व्यवहार के तौर तरीकों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। जब ​​पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है, तो हम भी एकजुट क्यों नहीं हो सकते?”

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा, “जब पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है, तो हम एकजुट क्यों नहीं हो सकते? क्या राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का अपनी पार्टी पर कोई नियंत्रण नहीं है? जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आतंकवादियों को उनकी कल्पना से परे सजा दी जाएगी। पूरा देश एक साथ खड़ा है। कांग्रेस को अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो भारत की एकता को कमजोर कर रहे हैं।”

Next Post

प्रतिबंधात्मक आदेश फिर भी जल रही नरवाई

Mon Apr 28 , 2025
रीवा।जिले में कृषकों तथा पशुपालकों को भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा गर्मियों में होने वाली आग की दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिये कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा नरवाई जलाने पर प्रतिबंध के आदेश जारी किए जा चुके हैं. बावजूद इसके लोग नरवाई जला रहे है, […]

You May Like