भोपाल: ननि ने वार्ड 70 में रुचि रेस्टोरेंट एवं वाइन शॉप के पास संचालित हो रही दो अवैध मीट/मुर्गे की दुकानों पर कार्रवाई करते हुए उनका अतिक्रमण हटाया। इन दुकानों द्वारा मुख्य सड़क तक फैलाए गए टीन शेड और अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया। निगम की अतिक्रमण निरोधक टीम ने मौके से लगभग तीन ट्रक सामान जब्त किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इन दुकानों के कारण न केवल सड़क पर यातायात बाधित होता था, बल्कि आसपास गंदगी और बदबू भी फैली रहती थी।
इसके अतिरिक्त, अवैध भट्टियों के धुएं से भी लोगों को सांस लेने में तकलीफ होती थी। रुचि रेस्टोरेंट और वाइन शॉप के पास होने के कारण यहां हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है, और इन अवैध दुकानों के कारण स्थिति और भी खराब हो जाती थी। इन दुकानों को संचालित करने के लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं था और यह पूरी तरह से अवैध रूप से चलाई जा रही थीं।
इनका कहना है
दुकानदारों को पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद निगम को सख्त कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा। जिसके साथ यह भी स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, अतिक्रमण दस्ता अधिकारी, भोपाल
