बैठकों में मास्टर प्लान, सड़कों पर स्थिति विपरीत

रोजाना बाजार में लग रहा जाम, परेशान हो रहे राहगीर

जबलपुर: शहर के अंदर यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए मास्टर प्लान सिर्फ बैठकों में बनाया जा रहा है। लेकिन जमीनी हकीकत पर देखा जाए तो रोजाना ही लोगों को बाजार के अंदर निकलने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिसका सीधा साधा उदाहरण मुख्य बाजार में बड़े फुहारा, सराफा, घमंडी चौक, अंधेरदेव, लार्डगंज में देखा जा सकता है। यहां पर चार पहिया और ऑटो, ई- रिक्शा की धमाचौकड़ी मची रहती है। जिसके कारण यहां दिन में कई बार ट्रैफिक जाम लग जाता है। जिससे निकलने वाली राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिस पर जिला प्रशासन और यातायात विभाग का कोई भी मास्टर प्लान काम नहीं आ रहा है और बैठकों तक ही यह सीमित बना हुआ है।
वन- वे सिर्फ गंजीपुरा के लिए
यातायात विभाग द्वारा पहले सुपर मार्केट पर वन- वे बनाया गया था, जहां से बड़े वाहन लार्डगंज की तरफ प्रवेश नहीं कर सकते थे। परंतु अब इस वन- वे को लार्डगंज में बना दिया गया है। जहां पर बड़े वाहन, बड़े फुहारा की तरफ तो जा सकते हैं, लेकिन लौटकर गंजीपुरा नहीं आ सकते। देखा जाए तो यह वन- वे भी सिर्फ गंजीपुरा के लिए बनाया गया है। जबकि इसके विपरीत पूरा बड़ा फुहारा, लार्डगंज, घमंडी चौक और सराफा तक चार पहिया वाहन प्रवेश कर जाते हैं और ट्रैफिक जाम को बढ़ावा देते हैं।
बैठक में बनी थी योजना नहीं हुई लागू
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से थाना कोतवाली एवं थाना लार्डगंज क्षेत्र के मुख्य बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम की स्थिति बनती है, इसी को देखते हुये पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अति पुलिस अधीक्षक शहर एवं यातायात के साथ नगर निगम अतिक्रमण प्रभारी ने थाना कोतवाली में व्यापारियों की एक बैठक ली थी। बैठक में यातायात संबंधी आ रही समस्याओं पर चर्चा कर इसको व्यवस्थित करने के लिए विचार विमर्श किया था। जिसमें खास तौर पर वन- वे को ध्यान में रखते हुए बड़े वाहनों के प्रवेश को पर प्रतिबंध लगाने, पार्किंग के साथ वाहनों के प्रवेश में समय निर्धारित किए थे। साथ ही हाथ ठेलों को प्रतिबंधित किया गया था। लेकिन वह योजना भी लागू नहीं हो सकी और बैठक तक सीमित रह गई।

इनका कहना है
बैठक में बड़े वाहनों को रोकने के लिए कार्य योजना बनाई गई थी, परंतु कुछ व्यापारी संगठन चाहते है कि बड़े वाहन उनकी दुकान तक प्रवेश करें, जिसके चलते शाम को ट्रैफिक जाम की समस्या हो रही है। जिसको गंभीरता पूर्वक लेते हुए शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को समझने के लिए यातायात विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
सोनाली दुबे, अति पुलिस अधीक्षक

Next Post

हिमाचल प्रदेश में बम की धमकी और पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद हाई अलर्ट

Thu Apr 24 , 2025
शिमला, 24 अप्रैल (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में बम की धमकी और उसके बाद जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकवादी हमले के बाद प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रमुख पर्यटन स्थलों और संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है, […]

You May Like

Play sound