रीवा रोड पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बेसमेंट होंगे खाली,बनेगी पार्किंग

सतना। सांसद गणेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि सर्किट हाउस चौराहा से लेकर सेमरिया चौक के मध्य बने व्यवसायिक भवनों में निर्मित बेसमेंट को खाली कराया जाकर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था कराई जायेगी। अतिक्रमण हटाने का कार्य फोर्स के साथ किया जायेगा। जिससे सडकों पर खडे वाहनों से यातायात बाधित होने से निजात मिलेगी।

राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सार्वजनिक जागरूकता अभियान चलाने तथा इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम के बारे में जानकारी दी। महापौर योगेश ताम्रकार ने शहर के मुख्य मार्गों में मनमानी तरीके से खडे वाहनों को हटाने के लिए प्रतिदिन संयुक्त अतिक्रमण दस्ते द्वारा कार्यवाही सतत जारी रखने का सुझाव दिया। जिससे शहर का यातायात बाधित नहीं होगा।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि शहर में यातायात बाधित करने वाले सब्जी, फल ठेला वालों को निर्धारित स्थल पर ही लगाये जाने तथा अतिक्रमण को हटवाने के लिए नगर निगम, राजस्व विभाग, ट्रैफिक पुलिस संयुक्त रूप से प्रत्येक मंगलवार को अभियान चलाकर कार्यवाही करें। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आयेगा। आरटीओ संजय श्रीवास्तव ने बताया कि बस स्टैण्ड की व्यवस्था हेतु निगरानी समिति बनी है। जिससे सक्रिय कर बस स्टैण्ड में समुचित यातायात व्यवस्था की जायेगी।

डीएसपी ट्रैफिक ने बताया कि सतना से रीवा रोड और पन्ना रोड पर हैवी ट्राफिक रहता है और सर्किट हाउस चौक तथा सेमरिया चौक पर यातायात दबाव कम करने के उपाय जरूरी है।

नो इंट्री की स्थिति बदलने का निर्णय

बैठक में सतना शहर में नो इंट्री पाइंट के पुर्ननिर्धारण पर भी चर्चा की गई। यूसीएल तिराहे से पाइंट हटाकर मंडी तिराहे के पास तक ले जाने पर विचार किया गया। निर्णय लिया गया कि पुराना मंडी गेट खोलकर रास्ता बनाया जाएगा। नो इंट्री में 16 टन के भार क्षमता वाहन के आधार को संशोधित कर कमर्शियल सेवाओं में लगे ट्रैक्टर-ट्राली और चार पहिया, छह पहिया, भार वाहक ट्रैकों को बाजार में नो इंट्री के दौरान प्रतिबंधित करने के संबंध में चर्चा की गई। प्राइवेट बसों के बस स्टैंड से संचालन और कहीं भी बसें रोककर सवारी लेने की परंपरा पर चर्चा के दौरान निर्णय लिया गया कि बस स्टैंड से आवागमन करने वाली यात्री बसों के शहर के भीतर स्थानक तय करने के अलावा अन्य स्थानों पर बसें खड़ी करने पर कार्यवाही की जाएगी।

अस्पताल के दोनों द्वार अतिक्रमण मुक्त हो

सांसद श्री सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल के दोनों बाह्य प्रवेश द्वार पर अव्यवस्थित यातायात और दुकानों, ठेलों के अतिक्रमण से इमरजेंसी सेवाओं में रुकावट आती है। बैठक में जिला अस्पताल के सामने की पार्किंग को शिफ्ट करने और अस्पताल के दोनों इन्ट्री पाइंट पर यातायात की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

Next Post

पावक और प्रभास को पसंद आया गांधीसागर,बोत्सवाना से मिल सकते हैं चार चीते

Wed Apr 23 , 2025
मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर स्थित गांधीसागर अभयारण्य में मध्यप्रदेश की धरती पर जन्में चीतों की शिफ्टिंग को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह अभयारण्य प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है। मध्यप्रदेश में चीतों के आवास एवं विचरण के लिए सर्वाधिक अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। चीते […]

You May Like