सतना: वन्य प्राणियों के शिकार की सूचना के आधार पर जब वन विभाग की टीम द्वारा पारधी समुदाय की बस्ती में दबिश दी गई तो वहां पर न सिर्फ वन्य प्राणियों के अवशेष बल्कि शिकार करने के लिए उपयोग किए जाने वाले कई तरह के हथियार और उपकरण भी बरामद किए गए. जिसे देखते हुए दो महिलाओं समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
वन परिक्षेत्र अधिकारी मैहर सतीश चंद्र मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बात की सूचना प्राप्त हुई थी कि भदपुर बीट के ग्राम मोहरबा में कुछ पारधी जाति के लोगों द्वारा वन्य प्राणियों का शिकार किया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के साथ ही टीम गठित की गई. जिसके लिए सतना से डाग स्क्वाड की टीम भी बुला ली गई. इसी कड़ी में प्रशासन की ओर तहसीलदार को साथ लेकर मंगलवार की सुबह साढ़े 5 बजे वन विभाग की टीम ने पारधी समुदाय के घरों में दबिश दी.
जांच के दौरान लोकन पारधी के घर से 3 लोह के छड़ के बल्लम, 2 लोहे की छड़ की कुल्हाड़ी बेंट लगी, तीतर फंसाने के लिए 6 नग पिंजरे और एक लोहे का बका पाया गया. इसके साथ ही वन्य प्राणी का लगभग 5 किलो मांस भी पाया गया. जिसे देखते हुए सदन पारधी पिता लोकन उम्र 20 वर्ष, तुलसीबाई पारधी पति राजकुमार उम्र 43 वर्ष, आंखे पारधी पति अजीत उम्र 43 वर्ष सभी निवासी मोहरबा थाना बदेरा मैहर को गिरफ्तार कर लिया गया. कार्रवाई के दौरान 3 आरोपी भाग निकलने में सफल रहे. जिनकी तलाश की जा रही है.
