रामबन के कुछ क्षेत्रों में स्थिति खराब है: उमर

श्रीनगर, 21 अप्रैल (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि रामबन जिले में बादल फटने से बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण स्थिति बहुत खराब है, विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के क्षेत्र में।

जिले में बादल फटने से आयी बाढ़ के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई घर, वाहन तथा जम्मू -श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से मलबे के ढेर में तब्दील हो गए।

श्री अब्दुल्ला ने आज यहां संवाददाताओं से कहा, “रामबन से आ रही रिपोर्टों से पता चलता है कि कुछ इलाकों में, खासकर राजमार्ग (जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग) के आसपास स्थिति बहुत खराब है।” उन्होंने कहा कि राजमार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “राजमार्ग बहाली के साथ-साथ हमारा ध्यान भूस्खलन से प्रभावित आवासीय क्षेत्रों के पुनर्वास पर भी है।”

उन्होंने कहा कि राहत की व्यवस्था की जा रही है और प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हम प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष और अन्य उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने पर भी विचार कर रहे हैं।”

उन्होंने लोगों से शांत रहने और जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद होने के कारण जमाखोरी या कालाबाजारी में शामिल न होने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा “आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि कृपया जमाखोरी न करें। जो भी व्यक्ति कालाबाजारी या अनावश्यक रूप से कीमतें बढ़ाता हुआ पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने कहा “ अधिकारियों को प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए गए हैं।”

श्री अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग अभी बंद है, लेकिन मुगल रोड खुला है।

उन्होंने कहा यदि आवश्यक हो, तो मुगल रोड के माध्यम से सामान लाया जा सकता है। हमें उम्मीद है कि एक या दो दिन के भीतर राजमार्ग को कम से कम एकतरफा यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।”

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता ने कहा कि वह स्थिति का आकलन करने और अधिकारियों के साथ बैठक करने के लिए व्यक्तिगत रूप से रामबन का दौरा करेंगे।

 

Next Post

दिल्ली को मिलेगा भाजपा का महापौर, बनेगी ट्रिपल इंजन की सरकार: सचदेवा

Mon Apr 21 , 2025
नयी दिल्ली 21 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी को जल्द ही भाजपा का महापौर मिलेगा और ट्रिपल इंजन की सरकार मिलेगी तथा निगम की सेवाएं पुनः सुचारू रूप से प्रारम्भ होंगी। श्री सचदेवा ने सोमवार को मीडियाकर्मियों […]

You May Like