इस्लामाबाद, 19 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान के कई हिस्सों में शनिवार पूर्वाह्न भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये।
राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 मापी गयी। भूकंप के झटकों से इस्लामाबाद, लाहौर, पेशावर, रावलपिंडी और खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब के कई इलाकों सहित प्रमुख शहरों में अफरातफरी फैल गई।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एक सप्ताह में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किये गये। भूकंप के झटके पूर्वाह्न 11:47 बजे महसूस किये गये, जिससे लोग डर के मारे अपने घरों और कार्यस्थलों से बाहर खुले स्थानों पर निकल आए।
भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र के पास 36.21 उत्तरी अक्षांश और 71.34 पूर्वी देशांतर पर सतह से 94 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
भूकंप के झटके लोवर डीर, मलकंद, बाजौर, नौशेरा, डीर बाला, शबकदर, मोहम्मद, चित्राल, स्वात, स्वाबी, गिलगित और मर्दन सहित विभिन्न स्थानों पर महसूस किये गये। पाकिस्तान के पंजाब के चिनिओत, हाफिजाबाद, मंडी बहाउद्दीन, भलवाल और मनसेहरा के साथ-साथ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के नीलम घाटी के अथमुकाम क्षेत्र में भी झटके महसूस किये गये।
इस्लामाबाद के बहरिया एन्क्लेव के शाहजहां खुर्रम ने कहा, “यह शक्तिशाली भूकंप था। मुझे पूरा बिस्तर हिलता हुआ महसूस हुआ और मुझे अपने परिवार के साथ तुरंत घर से बाहर भागना पड़ा। शुक्र है कि यह झटका कुछ क्षण का था।”
भूकंप से अभी तक किसी के हताहत होने और नुकसान की रिपोर्ट सामने नहीं आयी है।

