अनावश्यक पार्किंग और ई- रिक्शा की धमाचौकड़ी बना कारण
जबलपुर: शुक्रवार को छुट्टी का दिन होने के कारण शाम को बाजारों में भीड़ देखने को मिली। इसके चलते कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी उत्पन्न हुई। दिन भर गर्मी में बाजारों के अंदर सन्नाटा पसरा रहता है, वही शाम को जैसे ही मौसम में ठंडक आती है, वैसे ही भीड़भाड़ होना शुरू हो जाती है। वहीं शुक्रवार की शाम सराफा चौराहा, कमानिया गेट, बड़ा फुहारा से लेकर लार्डगंज तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। जिसमें घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। बाजारों के अंदर जाम लगने का मुख्य कारण चार पहिया वाहनों की अनावश्यक पार्किंग जो कि सड़क किनारे वाहन को खड़ा करके खरीदारी कर रहे थे, तो वहीं रिक्शा की धमाचौकड़ी के कारण सड़कों पर लोग जाम से जूझ रहे थे।
वन- वे व्यवस्था हो रही फेल
देखा जाए तो यातायात विभाग द्वारा बाजार के अंदर ट्रैफिक जाम ना लगे इसके लिए लार्डगंज पर वन- वे भी बनाया गया है। परंतु वह वन- वे सिर्फ गंजीपुरा के लिए है, जबकि इसके विपरीत गंजीपुरा से आने वाले चार पहिया और ई- रिक्शा वाहन सीधा कमानिया को चले जाते हैं, जो कि बाजार की सड़कों पर खड़े हैं। जिससे इन चार पहिया बड़े वाहनों से ट्रैफिक जाम लग जाता है। इसके चलते वन- वे की व्यवस्था पूरी तरह से फेल होती हुई नजर आ रही है।
