नयी दिल्ली 18 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में मानसून के दौरान होने वाली जलभराव, यातायात जाम और डार्क स्पॉट्स जैसी समस्याओं से निपटने को लेकर कमर कस ली है और इसको लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं।
इस सिलसिले में शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक हुई जिसमें दिल्ली पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), नयी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), बाढ़ नियंत्रण बोर्ड सहित तमाम प्रमुख एजेंसियों ने भाग लिया।
इसके अलावा उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मिंटो ब्रिज, चालक ब्रिज और आईटीओ जैसे संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरान किया और मॉनसून के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने को लेकर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर जरूरी काम समय पर पूरा किया जाए ताकि इस मॉनसून में किसी भी स्थान पर जलभराव की समस्या न हो।
श्री साहिब सिंह ने कहा, ‘दिल्ली सरकार इस बार मॉनसून के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए मुस्तैद है। हमारा स्पष्ट लक्ष्य है कि राजधानी के किसी भी हिस्से में जलभराव, यातायात जाम या डार्क स्पॉट्स जैसी समस्याएं नज़र न आएं। हमने सभी विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं और हर काम की बारीकी से निगरानी रखी जा रही है।’
उन्होंने बताया कि जहां ड्रेनों का निर्माण किया जा रहा है वहां भी पंप सेट और वैकल्पिक इंतज़ाम किए जा रहे हैं ताकि एक भी नागरिक को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल खुद मौके पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी गतिविधियां दर्शाती हैं कि सरकार की नीयत और नीतियां दोनों में स्पष्ट हैं।
उन्होंने कहा कि पी़डब्ल्यूडी, एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए, बाढ़ नियंत्रण बोर्ड और दिल्ली पुलिस जैसे सभी विभाग एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम पूरी मुस्तैदी से हर समस्या का स्थायी समाधान देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हम दिल्ली को जलभराव और अव्यवस्था से मुक्त देखना चाहते हैं और यही हमारी प्राथमिकता है।’ उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार संकल्पबद्ध है कि इस बार मॉनसून में एक भी गली, सड़क या चौराहा जलभराव से प्रभावित नहीं होगा।
