नैनीताल, 16 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड के खेल मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा स्टेडियम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए।
खेल मंत्री ने सर्व प्रथम स्टेडियम के प्राकृतिक आपदा की चपेट में आये क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को इस काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम की प्रगति की भी समीक्षा की और इसे जल्द से जल्द सुचारू करने को निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त खेल मंत्री ने फुटबॉल ग्राउंड, ताइक्वांडो, मल्टीपरपज हॉल और स्विमिंग पूल का भी निरीक्षण किया। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश की खेल लिगेसी पॉलिसी तैयार हो रही है, तब तक स्कूली बच्चों को इन खेल सुविधाओं का अभ्यास करने के लिए आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खेल अवस्थापनाओं का फायदा तभी मिलेगा जब हमारे भावी खिलाड़ी और बच्चे इन पर अभ्यास करके अपने कौशल को निखारेंगे।
उन्होंने खेल विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी स्टेडियम व अन्य खेल सुविधाओं को इस तरह से सुचारू रखें कि इन पर जल्द ही राष्ट्रीय चैंपियनशिप और एशियाई चैपियनशिप स्तर के खेलों का आयोजन कराये जा सकें।
उन्होंने गौलापार में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय (स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी) की तैयारी में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिससे आगामी 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर इस यूनिवर्सिटी की नींव रखी जा सके।
इसी के साथ ही जनपद प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना के तहत जिले की 5 सड़कों को मंजूरी दी गई। ये सभी सड़कें दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की हैं।
